एंजेलो मैथ्यूज के भाई ने दी शाकिब अली हसन को सीधी धमकी
Nov 09, 2023
कोलंबो । टाइम्ड आउट मामले के बाद श्रीलंका के हरफनमौला खिलाड़ी एंजेलो मैथ्यूज के भाई ट्रेविन मैथ्यूज ने सीधे तौर पर बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अली हसन को धमकी दे दी है। बता दें कि शाकिब अली हसन ने मैथ्यूज के खिलाफ अपील वापस लेने से इनकार कर दिया जिसके कारण मैथ्यूज इंटरनेशनल क्रिकेट में टाइम आउट होने वाला पहला खिलाड़ी बन गया था। दुनियाभर के लोगों के लिए दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में बांग्लादेश बनाम श्रीलंका मुकाबले के दौरान यह घटनाक्रम देखने को मिला था। यह मामला मैच के दूसरे दिन भी चलता रहा जब अंपायरों ने मैथ्यूज को आऊट देने का कारण स्पष्ट किया था। अंपायरों का कहना था कि मैथ्यूज के टूटे हुए हेलमेट का पट्टा कोई मायने नहीं रखता, क्योंकि वह पहले ही क्रीज पर आने में देर कर चुके थे। अंपायरों को जवाब देने के लिए मैथ्यूज ने एक वीडियो भी शेयर की थी जिसमें वह क्रीज पर 1.56 मिनट में पहुंचते दिख रहे हैं। मैथ्यूज ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी शाकिब अल हसन, बांग्लादेश टीम और अंपायरों के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली थी।
इसके बाद मैथ्यूज के भाई ट्रेविन मैथ्यूज ने कहा कि शाकिब का किसी भी सूरत में श्रीलंका में स्वागत नहीं किया जाएगा। हम बहुत निराश हैं। बांग्लादेशी कप्तान में कोई खेल भावना नहीं है और उन्होंने सज्जनों के खेल में मानवता नहीं दिखाई। शाकिब का श्रीलंका में स्वागत नहीं है। अगर वह यहां कोई अंतरराष्ट्रीय या एलपीएल मैच खेलने आते हैं, तो उन पर पत्थर फेंके जाएंगे। या फिर उन्हें फैंस की झुंझलाहट का सामना करना पड़ेगा। यहां गौरतलब है कि बांग्लादेश ने साल 2025 में दो टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलने के लिए श्रीलंका का दौरा करना है। तक तक संभवत: शाकिब रिटायर हो चुके होंगे।