पीएसएल में ऑलराउंडर सिकंदर रजा पर जुर्माना लगा

लाहौर । पाकिस्तान प्रीमियर लीग क्रिकेट (पीएसएल) में खेल रहे लाहौर कलंदर्स के ऑलराउंडर सिकंदर रजा पर जुर्माना लगाया गया है।  पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पीसीबी ने रजा पर ये जुर्माना अंपायर के फैसले पर नाराजगी दिखाने के लिए लगा है। रजा क्वेटा ग्लैडिएटर्स के खिलाफ मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमत दिखे थे। उनपर पीएसएल की आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना लगाया गया है। मैच के दौरान रजा ने 3 अलग-अलग अवसरों पर अपनी भुजाएं उठाईं, अपना सिर हिलाया और इशारा किया कि गेंद को वाइड करार दिया जाना चाहिये। उनके इन कार्यों से अनुच्छेद 2.8 का उल्लंघन होता है, जो पीएसएल खेल के दौरान एक खिलाड़ी द्वारा अंपायर के फैसले पर असहमति दिखाने को लेकर है। 

पीसीबी ने रजा पर जुर्माने की घोषणा करने के लिए एक बयान भी जारी किया, जिसमें लिखा था, लाहौर कलंदर्स के सिकंदर रजा पर अंपायर के फैसले पर असहमति दिखाने के लिए एचबीएल पीएसएल की आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना लगाया गया है। मैदानी अंपायर क्रिस गफ्फनी और राशिद रियाज ने रजा के खिलाफ आरोप लगाया जबकि मैच रेफरी अली नकवी ने ये जुर्माना लगाया। 



Subscribe to our Newsletter