रोहित के सुपर ओवर में दोबारा बल्लेबाजी करने पर आकाश ने जतायी हैरानी

बेंगलुरु । पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले के सुपर ओवर में भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा के दोबारा बल्लेबाजी करने पर हैरानी जतायी है। पहले सुपर ओवर के दौरान जब पांचवीं गेंद पर रोहित रिटायर्ड हुए थे, तब आकाश ने कमेंट्री के दौरान कहा था कि वह नियमों के अनुसार अगले सुपर ओवर में बल्लेबाजी के लिए नहीं आ सकते हैं।

वहीं इसके बाद भी रोहित दूसरे सुपर ओवर में बल्लेबाजी करने आए, इस पर आकाश ने कहा कि रोहित दोबारा बल्लेबाजी करने आ गए हैं। इससे ऐसा लग रहा है उनको दोबारा नियम पढ़ने होंगे। रोहित जब पहले सुपर ओवर में रिटायर्ड होकर जा रहे थे तो विशेषज्ञों ने कहा सुपर ओवरों में तीन बल्लेबाज नाम‍ित होते हैं, ऐसे में रोहित ने अपने को रिटायर घोष‍ित किया है, यह खेल के नियमों के अनुसार है। इसलिए उनकी जगह किसी अन्य का उतरना चाहिये था। इस रोमांचक मुकाबले में अंत में भारतीय टीम को जीत मिली थी। गौरतलब है कि क्रिकेट के नियमानुसार सुपर ओवर के लिए केवल 3 ही बल्लेबाज नाम‍ित होते हैं। ऐसे में अगर दो बल्लेबाज आउट हो जाएं तो फिर पारी समाप्त मानी जाती है। यही तीसरे मैच में भी हुआ। नियम में आगे कहा गया है कि जब दोनों टीमें एक-एक ओवर खेलती हैं और स्कोर बराबर रहता है, तो सुपर ओवर तब तक खेले जाने चाहिए जब तक कि एक जीत न जाये। 

एक से अधिक सुपर ओवर नियम अस्तित्व में आने के बाद से ही 15 से अधिक मैच टाई पर समाप्त हो चुके हैं। गौरतलब है कि टी20ई या एकदिवसीय में कभी भी दो सुपर ओवर नहीं हुए थे। सुपर ओवर नियम के अनुसार, प्रत्येक टीम तीन बल्लेबाजों का चयन करती है, यदि उनमें से दो आउट हो जाते हैं तो उनकी सुपर पारी समाप्त हो जाती है। 


Subscribe to our Newsletter