दीपिका ने स्वर्ण जीतने के बाद कहा, मां बनने के बाद आया जीवन में बदलाव

पणजी । भारत की शीर्ष महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी ने कहा है कि मां बनने के बाद मेरा जीवन बदल गया है। दो बार की विश्‍व चैंपियनशिप पदक विजेता दीपिका पिछले साल बेटी के जन्म के बाद ही खेल से दूर थीं। इसके बाद भी वह पीछे नहीं हुई हैं। झारखंड की ओर से खेलते हुए दीपिका ने राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा की संगीता को 6-2 से हराकर रिकर्व महिला व्यक्तिगत स्वर्ण जीता। इसके अलावा मिर्नल चौहान के साथ मिश्रित टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पर निशाना लगाया। वह इस पर भी नहीं रुकीं और उन्होंने दीप्ति कुमारी और कोमलिका बारी के साथ मिलकर दूसरा स्थान हासिल करते हुए महिला टीम को रजत पदक दिलाया।

दीपिका ने कहा, स्वर्ण मेरी प्राथमिकता नहीं थी पर मेरा प्रदर्शन ठीक था। मेरी मानसिकता जीत या हार के बारे में नहीं थी। मैं चाहती थी कि अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूं। मैं अपने खेल पर ध्यान देना चाहती थी। इसके साथ ही अन्य विचारों को मन में नहीं लाना चाहती थी जिससे अपने खेल पर ध्यान केन्द्रित किया जा सके। 



Subscribe to our Newsletter