अफ्रीकी गेंदबाज बर्गर ने किया टीम इंडिया को चारों-खाने चित
Dec 29, 2023
नई दिल्ली । अफ्रीकी गेंदबाज नांद्रे बर्गर ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से टीम इंडिया को चारों-खाने चित कर दिया। बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में बेहद शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। तीन दिन में ही मेजबान टीम ने भारत के खिलाफ पारी और 32 रन की बड़ी जीत दर्ज करते हुए 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। इस दौरान साउथ अफ्रीका के लिए डेब्यू कर रहे बॉलिंग ऑलराउंडर नांद्रे बर्गर ने शानदार गेंदबाजी की।
नांद्रे बर्गर ने भारत के खिलाफ इस मुकाबले में कुल 7 विकेट झटके। डेब्यू पर ही ऐसी गेंदबाजी करना अपने आप में बड़ी बात होती है। पहली इनिंग में बर्गर ने भारत के खिलाफ कुल 3 विकेट लिए थे। उन्होंने ओपनर बैटर यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और केएल राहुल का विकेट चटकाया था। वहीं, दूसरी इनिंग में नांद्रे ने भारत के 4 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा था। नांद्रे ने एक बार फिर यशस्वी जायसवाल को आउट किया था।
दूसरी इनिंग में यशस्वी जायसवाल के अलावा नांद्रे ने केएल राहुल , रविचंद्रन अश्विन और गेंदबाज मोहम्मद सिराज का विकेट लिया। इस तरह पहले मैच में उन्होंने अपने नाम 7 विकेट लिए और साउथ अफ्रीका की जीत में अहम भूमिका निभाई।