भारत के खिलाफ पहली जीत के इरादे से उतरेगी अफगानिस्तान
Jan 10, 2024
मोहाली । भारत और अफगानिस्तान के बीच यहां 3 टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। इस सीरीज में मेहमान टीम अफगानिस्तान उलटफेर के इरादे से उतरी है। गत वर्ष भारत में हुए एकदिवसीय विश्वकप में उसने इंग्लैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका को हराया था जिससे उसके हौंसले बुलंद हैं हालांकि वह अभी भी भारतीय टीम को नहीं हरा पायी है।
ये सीरीज आगामी टी20 विश्वकप को देखते हुए बेहद अहम है। इससे दोनो ही टीमों को अपनी तैयारियां आंकने का अवसर मिलेगा।
अफगान टीम ने अबतक टी-20 फॉर्मेट में खेले गए कुल मैचों में से 63 फीसदी जीते हैं। हालांकि अफगान टीम भारत के खिलाफ किसी भी प्रारुप में कोई मैच नहीं जीत सकी है। भारत-अफगानिस्तान के बीच अब तक 5 टी-20 हुए हैं जिसमें 4 में भारत जीता जबकि एक का फैसला नहीं निकल पाया। वहीं सभी प्रारुप मिलाकर देखें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 10 मैच हुए हैं जिसमें से भारत ने 8 जीते हैं एक मैच टाई रहा, जबकि एक का परिणाम नहीं निकला। अफगानिस्तान का कुल मिलाकर टी-20 प्रारुप में रिकॉर्ड शानदार रहा है। टीम ने 1 फरवरी 2010 को पहला टी-20 खेला था। तब से टीम ने 121 मैच खेले और 76 में जीत दर्ज की। इस प्रकर उसका जीत प्रतिशत 62.80 फीसदी रहा है।
द्विपक्षीय सीरीज में भी टीम का रिकॉर्ड अच्छा रहा है। टीम ने 24 सीरीज खेलीं और 70.83 फीसदी यानी 17 में जीत दर्ज की। 5 सीरीज टीम ने गंवाई, जबकि 2 ड्रॉ रहीं।अफगानिस्तान टीम भारत में पहली बार 3 मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगा और टीम ने अब तक ज्यादातर सीरीज एसोसिएट देशों के खिलाफ ही खेलीं हैं। अफगानिस्तान के पास स्टार स्पिनर राशिद खान के अलावा मोहम्मद शहजाद, मोहम्मी नबी जैसे अच्छे बल्लेबाज भी है। ऐसे में टीम का लक्ष्य पहली बार भारत पर जीत दर्ज करना रहेगा।