टी20 विश्वकप में अफगानिस्तान का अच्छा प्रदर्शन
Jun 11, 2024
फारुकी ने गेंदबाजी और गुरबाज ने बल्लेबाजी में किया प्रभावित
गयाना । अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम ने टी20 विश्वकप 2024 में अबतक अच्छा प्रदर्शन किया है। अफगानिस्तान की टीम ने अपने शुरुआती मैच में गयाना में यूगांडा को 125 रनों जबकि दूसरे मैच में न्यूजीलैंड को 84 रनों से हराया। इस प्रदर्शन से अफगानिस्तान टीम सुपर 8 की दौड़ में बनी हुई है। टीम की ओर से फजलहक फारुकी ने गेंदबाजी और रहमतुल्लाह गुरबाज ने बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया है। ये दोनों इस समय अफगान टीम की ओर से सबसे अधिक विकेट और रन लेने वाले खिलाड़ी हैं।
विकेट, गेंदबाजी औसत और स्ट्राइक रेट के अलावा फारुकी का प्रदर्शन सभी क्षेत्रों में अच्छा रहा है। फारुकी की गति बहुत अधिक नहीं है पर उन्होंने अपनी गेंदबाजी में विविधता के बल पर विरोधी टीम को पीछे छोड़ा है। वेस्टइंडीज के धीमे विकेट भी उनके लिए लाभदायक साबित हुए हैं। फारुकी ने इस विश्वकप के दो मैचों में अब तक केवल 26 रन देकर 9 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने एक बार पारी में 4 और एक बार 5 विकेट लिए हैं। टी20 विश्वकप 2024 का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी विश्लेषण इस समय फारुकी के ही नाम पर है। युगांडा के खिलाफ उन्होंने चार ओवर में महज 9 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। यह टी20 विश्वकप का ओवरआल चौथा सबसे अच्छा प्रदर्शन है। श्रीलंका के अजंता मेंडिस (6/8,2012), रंगना हेराथ (5/3,2014) और पाकिस्तान के उमर गुल (5/6, 2009) ही इस मामले में फारुकी से बेहतर हैं।