अफगानिस्तान ने तीसरे एकदिवसीय में आयरलैंड को हराकर सीरीज जीती
Mar 13, 2024
शारजाह । अफगानिस्तान ने यहां हुए तीसरे एकदिवसीय क्रिकेट मुकाबले में आयरलैंड को 117 रनों से हरा दिया। इसी के साथ ही अफगानिस्तान टीम ने सीरीज भी 2-0 से जीत ली है। इस सीरीज का एक मैच बारिश के कारण नहीं हो पाया था। इस मैच में अफगान टीम की जीत में मोहम्मद नबी की अहम भूमिका रही। नबी ने कुल पांच विकेट लिए।
इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड टीम ने अफगान टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। अफगानिस्तान की ओर से रहमानुल्लाह गुरबाज़ और इब्राहिम जादरान ने अच्छी शुरुआत की गुरबाज ने 51 रन जबकि जादरान ने 22 रन बनाये।
सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद शाहिदी ने 69 रन बनाकर पारी को संभाला। शाहिदी के बाद नबी ने 48 रन बनाये। इस प्रकार अफगान टीम ने नौ विकेट पर कुल 236 रन बनाये।
वहीं आयरलैंड की ओर से मार्क अडायर ने तीन विकेट जबकि बैरी मैक्कार्थी ने 2 विकेट लिए। वहीं इसके अलावा थियो वान वोर्कोम, एंडी मैकब्राइन और हैरी टेक्टर ने एक-एक विकेट लिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 237 रनों के लक्ष्य को हासिल करने में आयरिश टीम सफल नहीं रही।
नबी के पांच विकेट और नांग्याल खरोती के चार विकेट की सहायता से अफगानिस्तान ने आयरिश टीम को 35 ओवर में ही 119 रनों पर आउट कर दिया।