टेबल टेनिस खिलाड़ी पोयमंती की सहायता करेगा अदाणी समूह

अहमदाबाद । युवा महिला टेबल टेनिस स्टार पोयमंती बैस्या की सहायता के लिए अदाणी समूह सामने आया है। अडानी समूह ने अपनी गर्व है पहल के तहत पोयमंती को समर्थन देने की घोषणा की है। इस कारोबारी समूह का कहना है कि पोयमंती में शीर्ष स्तर पर पहुंचने की क्षमताएं हैं और उसे इसके लिए सभी प्रकार की सहायता उपलब्ध करायी जाएगी। पश्चिम बंगाल के हुगली की रहने वाली पोयमंती ने अपने अब तक के करियर में शानदार प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया है। 

2019 में वेस्ट जोन राष्ट्रीय रैंकिंग टूर्नामेंट में चैम्पियन रही पोयमंती ने 85वें सीनियर नेशनल में अयहिका मुखर्जी को हराकर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप जीती थी। इसके अलावा, उन्होंने ओलंपियन सुतीर्था मुखर्जी के साथ महिला युगल में भी जीत दर्ज की थी। इसके अलावा वह मिश्रित युगल स्पर्धा में आकाश पाल के साथ उपविजेता रहीं थीं। 

अदाणी एंटरप्राइजेज के निदेशक प्रणव अदाणी ने कहा, पोयमंती ने शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया है और हम, अदाणी ग्रुप में, आने वाले वर्षों में उसे आगे बढ़ने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वह एक एथलीट है जो भारतीय ध्वज को ऊंचा रख सकती है, और उसकी इस यात्रा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने से अच्छा और क्या हो सकता है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे कि उसे पूरा समर्थन मिले; उसे केवल खेलने पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है क्योंकि हम एक साथ आगे बढ़ रहे हैं। वहीं इससे उत्साहित पोयमंती ने कहा, मुझ पर विश्वास करने और मेरी यात्रा में मेरा समर्थन करने के लिए मैं अदाणी ग्रुप की आभारी हूं। बड़े स्तर पर यह खेल एक कठिन यात्रा है, और निरंतर समर्थन हमेशा एक एथलीट के लिए एक वरदान होता है।


Subscribe to our Newsletter