एशियाई खेल की तीरंदाजी स्पर्धा के फाइनल में पहुंचे अभिषेक , ओजस और ज्योति
Oct 03, 2023
हांगझोऊ । भारतीय तीरंदाजों अभिषेक वर्मा और ओजस देवतले ने मंगलवार को एशियाई खेलों की तीरंदाजी स्पर्धा के फाइनल में जगह बनायी है। अभिषेक और ओजस ने पुरुष कंपाउंड व्यक्तिगत में कोरियाई खिलाड़ियों को हराया। अभिषेक ने पहले सेमीफाइनल में कोरियाई गणराज्य के जू जाहून को 147-145 से पराजित किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में ओजस ने कोरिया के ही यांग जियोवोन को 150-146 से हराया। अब ये दोनो ही स्वर्ण पदक के लिए सात अक्टूबर को मुकाबला करेंगे। इससे भारत के दो पदक पक्के हो गये हैं।
वहीं इसके अलावा कंपाउंड महिला व्यक्तिगत में भी भारत को एक पदक मिलना तय है। इसका कारण है कि भारत की ज्योति ने सेमीफाइनल में अपने ही देश की अदिति को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। ऐसे में अब ज्योति का मुकाबला महिलाओं के कंपाउंड व्यक्तिगत फाइनल में सात अक्टूबर को कोरिया की सो चैवोन से होगा।