टेनिस टूर्नामेंट में मध्य प्रदेश के 15 खिलाड़ी रखेंगे अपनी चुनौती -
Jan 19, 2024
:: वर्ल्ड टेनिस टूर जूनियर आईटीएफ जे-60 टेनिस चैंपियनशिप 22 जनवरी से ::
इन्दौर। म.प्र. टेनिस एसोसिएशन द्वारा आयोजित व पाथ इंडिया प्रा. लि. द्वारा प्रायोजित इंटरनेशनल वर्ल्ड टेनिस टूर जूनियर इन्दौर आईटीएफ जे-60 टेनिस चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश के 15 खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे। मुख्य दौर के मुकाबले इन्दौर टेनिस क्लब में 22 जनवरी से शुरू होंगे। 20 जनवरी से क्वालीफाइंग दौर के मुकाबले प्रारंभ होंगे।
भारतीय टेनिस महासंघ व मध्यप्रदेश टेनिस संघ के महासचिव अनिल धूपर ने बताया कि इस इंटरनेशनल टूर्नामेंट के जरिए प्रदेश के खिलाडियों के लिए एक बड़ा मंच प्रदान किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट में प्रदेश के 15 खिलाड़ी देश-विदेश के शीर्ष खिलाडियों के समक्ष अपनी चुनौती पेश करेंगे। गत वर्ष से प्रदेश के पांच खिलाड़ी ज्यादा इस टूर्नामेंट अपनी भागीदारी करेंगे। प्रदेश में लगातार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं हो रही है। जिससे खिलाड़ियों को मौके मिल रहे है। प्रतियोगिता में 128 खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे। इस टूर्नामेंट में भारत के अलावा अभी तक अमेरिका, आस्ट्रेलिया, मलेशिया, न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों की प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी है।
:: क्वालीफाइंग राउंड के मुकाबले 20 जनवरी से शुरू होंगे ::
टूर्नामेंट डायरेक्टर अर्जुन धूपर ने बताया कि टूर्नामेंट के मुख्य दौर के मुकाबले 22 जनवरी सोमवार से शुरू होंगे। उसके पहले 20 व 21 जनवरी को क्वालीफाइंग दौर के मुकाबले खेले जाएंगे। अंडर-18 बालक व बालिका वर्ग में हो रहे इस टूर्नामेंट के क्वालीफाइंग राउंड से शीर्ष 4 बालक व 4 बालिका खिलाड़ी मुख्य दौर में प्रवेश करेंगे। क्वालीफाइंग व मुख्य दौर में 32-32 का ड्रॉ रहेगा। इस चैंपियनशिप के लिए मुख्य रैफरी महाराष्ट्र के व्हाइट बैच रैफरी एंटोन डिसूजा नियुक्त किए गए है। टूर्नामेंट का यह लगातार 16वां वर्ष है।