25 लाख रुपये जीतकर वैभव गुप्ता बने इंडियन आइडल 14 के विजेता
Mar 04, 2024
नई दिल्ली । सिंगिंग रिएलिटी शो ‘इंडियन आइडल 14’ में विनर बनकर वैभव गुप्ता ने इस बार बाजी मार ली है। उन्होंने 25 लाख रुपये प्राइज मनी के साथ गिफ्ट वाउचर भी जीते हैं। शो में इस बार एक से एक धुरंधर प्रतिभागियों ने भाग लिया। सभी ने शो के मंच पर अपनी आवाज का जलवा बिखेरा, लेकिन कानपुर के वैभव गुप्ता ने इन सब के बीच बाजी मार ली और ‘इंडियन आइडल 14’ की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली है।
सोनी टीवी ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर वैभव गुप्ता की तस्वीर शेयर की गई है, जिसमें वह विनर ट्रॉफी के साथ नजर आ रहे हैं। कैप्शन में लिखा है, ‘इंडियन आइडल सीजन 14 के विनर हैं कानपुर के छोटे सेठ जी- वैभव गुप्ता।’ शो का विनर बनने पर लोग वैभव गुप्ता को जमकर बधाइयां और शुभकामनाएं दे रहे हैं। बता दें कि यूपी के कानपुर शहर के रहने वाले वैभव गुप्ता ने सिंगिंग रिएलिटी शो ‘इंडियन आइडल 14’ की चमचमाती ट्रॉफी के साथ 25 लाख रुपये की प्राइज मनी जीती है। शो में फर्स्ट रनर अप सुभादीप दास चौधरी, सेकेंड रनर अप पीयूष पंवार हैं, जिन्हें 5-5लाख रुपये मिले हैं। वहीं, तीसरे रनर अप यानी अनन्या पाल ने 3 लाख रुपये की प्राइज मनी जीती है। ‘इंडियन आइडल 14’ के विनर वैभव गुप्ता को ट्रॉफी और 25 लाख प्राइज मनी के साथ मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड की ओर से एक नई ब्रेजा कार भी तोहफे के तौर पर मिली है।
‘इंडियन आउडल 14’ के विनर बनने के बाद वैभव गुप्ता की तस्वीरें और वीडियोज़ सोशल मीडिया पर छा गए हैं। गौरतलब है कि रिएलिटी सिंगिग शो ‘इंडियन आइडल’ के सीजन 14 को श्रेया घोषाल, कुमार सानू और विशाल ददलानी ने जज किया था। वहीं, हुसैन कुवाजरवाला शो के होस्ट थे। शो के ग्रैंड फिनाले एपिसोड में नेहा कक्कड़ और सोनू निगम बतौर स्पेशल गेस्ट दिखाई दिए। वैभव गुप्ता ने शो में बताया था कि उन्हें बचपन से ही म्यूजिक का शौक था। इस वजह से उन्होंने स्कूल में ही क्लासिकल म्यूजिक की ट्रेनिंग ली थी और फिर उन्होंने ‘इंडियन आइडल 14’ का ऑडिशन दिया था।