निगम अमले ने विभिन्न क्षेत्रों में की अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही

Jun 05, 2025

अवैध रूप से लगी दुकानें, फर्सियां, छप्पर, पिलर, दीवार, फेसिंग आदि हटाये, ठेले किये जप्त

 भोपाल। नगर निगम द्वारा सड़कों, फुटपाथों, कॉरीडोर व सार्वजनिक स्थलों आदि से अतिक्रमणों को हटाने तथा अवैध निर्माणों को तोड़ने की कार्यवाही निरंतर की जा रही है। इसी तारतम्य में निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सीएम हेल्पलाईन व अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निवारण तथा निगम की नियमित कार्यवाही के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों से अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से लगाई गई दुकानें, दुकानों के बाहर रखा सामान, अवैध रूप से नाली पर फर्सियां, छप्पर, पिलर, पक्की दीवार, चादर, फेसिंग, ठेले आदि को हटाने की कार्यवाही की और ठेले भी जप्त किए। 

निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने बुधवार को जहांगीराबाद, एक्सटॉल कॉलेज, बाजार, करोद, मुल्ला कालोनी, हाउसिंग बोर्ड कालोनी, सुभाष नगर, अरेरा कालोनी, हलालपुर बस स्टैण्ड, एयरपोर्ट रोड, लाउखेड़ी, पटेल नगर, रायसेन रोड, कोकता बायपास आदि क्षेत्रों में कार्यवाही करते हुए बड़ी संख्या में दुकानों के बाहर रखा सामान व अवैध रूप से लगाई गई सब्जी आदि की दुकानों को हटाया साथ ही करोद हाउसिंग बोर्ड कालोनी में 05 मकानों के सामने नालियों पर अवैध रूप से लगाई गई फर्सियां, आनंद नगर से पटेल नगर रायसेन रोड तक अवैध रूप से बनें 10 छप्पर, कोकता ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के पास अवैध रूप से बनें 08 छप्पर हटाये तथा हलालपुर बस स्टैण्ड क्षेत्र में रास्ते पर पड़ी भवन निर्माण सामग्री को भी हटवाया। निगम अमले ने उपरोक्त कार्यवाही के दौरान 03 ठेले भी जप्त किए। 

इसके अतिरिक्त निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सहायक यंत्री जोन क्र. 20 की कार्यवाही में सहयोग करते हुए लाउखेड़ी क्षेत्र में अवैध रूप से लगाई गई फेसिंग, 20 पिलर, पक्की दीवार आदि को हटाया। 

निगम अमले ने पुनः अतिक्रमण न करने की समझाइश दी और चेतावनी भी दी यदि पुनः अतिक्रमण किया पाया जाता है तो और अधिक कठोर कार्यवाही की जायेगी।


Subscribe to our Newsletter