दीपावली से पहले महंगे कमर्शियल गैस सिलेंडर ने बढ़ाई व्यापारियों की चिंता
Oct 28, 2026
होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई विक्रेताओं का बढ़ सकता है लागत खर्च
नई दिल्ली,। त्योहारी सीजन से ठीक पहले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर आम जनता और व्यापारियों के बीच मिश्रित स्थिति देखने को मिल रही है। जहां घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम स्थिर बने हुए हैं, वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों के कारण होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई विक्रेताओं का लागत खर्च बढ़ सकता है।
घरेलू गैस सिलेंडर के स्थिर दामों ने आम परिवारों को राहत दी है। राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 939.50 रुपए पर स्थिर बनी हुई है। मुंबई में यह 941.50 रुपए, कोलकाता में 968 रुपए और पटना में 1,031.50 रुपए प्रति सिलेंडर मिल रहा है।
इसके विपरीत 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की ऊंची कीमतों ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की चिंताएं बढ़ा दी है। दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,810 रुपए दर्ज की गई है। कोलकाता में इसका दाम 2,954 रुपए और पटना में 3,100.50 रुपए तक पहुंच गया है। अक्टूबर माह की शुरुआत में कमर्शियल सिलेंडर के दामों में प्रति सिलेंडर 62.50 रुपए की वृद्धि की गई थी।
जानकारों के मुताबिक दीपावली पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग अत्यधिक बढ़ जाती है, जिससे कमर्शियल एलपीजी की खपत में भी भारी इजाफा होता है। ऐसे में कमर्शियल सिलेंडर का महंगा होना कारोबारियों के मार्जिन पर असर डाल सकता है।
हालांकि, बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी खाद्य पदार्थ की कीमत केवल ईंधन के दाम पर निर्भर नहीं करती, बल्कि उसमें दूध, चीनी, श्रम और कच्चे माल की लागत भी शामिल होती है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियां वैश्विक बाजार के रुझानों और कच्चे तेल की कीमतों की समीक्षा के बाद हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी के नए दामों की घोषणा करती हैं।