
शिव भक्ति में लीन शिवराज, शिव बारात में हुए शामिल
Feb 26, 2025
महाशिवरात्रि पर शिवराज बोले- भोलेनाथ का आशीर्वाद सब पर बरसे, सबका कल्याण हो
भोपाल । महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पूरे देश में शिव भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। इसी बीच, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शिव भक्ति में लीन नजर आए। उन्होंने भगवान भोलेनाथ की बारात में शामिल होकर श्रद्धा भाव से शिव आराधना की। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती के चरणों में नमन करते हुए कहा की अद्भुत भगवान हैं भोले शंकर... दुनिया में जिसे सब ठुकरा दें, उसे भी अपनाते हैं। भूत-पिशाच, देवता और दानव सभी पर उनकी कृपा बरसती है।
शिवराज सिंह चौहान ने भगवान भोलेनाथ के कल्याणकारी स्वरूप की व्याख्या करते हुए कहा कि विश्व के कल्याण के लिए जो अपने गले में विष धारण कर लेते हैं, वे हैं नीलकंठ भगवान शिव। आज महाशिवरात्रि के दिन शिव और शक्ति का मिलन हो रहा है, यह पूरे ब्रह्मांड के लिए आनंद और आस्था का पर्व है। शिव बारात में शामिल होकर उन्होंने भगवान शंकर से प्रार्थना की भोलेनाथ और माता पार्वती सब पर कृपा बरसाएं, सभी सुखी और निरोगी रहें, सबका मंगल और कल्याण हो। उन्होंने कहा कि शिव भक्ति का असली अर्थ यही है कि हम सभी का कल्याण करें, सेवा भाव रखें, किसी को दुख न दें और लोगों के कष्ट हरें। यही भगवान भोलेनाथ की सच्ची पूजा होगी।