राजस्व एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित
Jan 09, 2025
100 दिवस से अधिक सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों का निराकरण करें
मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों एवं प्राप्त आवेदनों की जानकारी पोर्टल पर अद्यतन करें
फसल एवं पशु बीमा के लंबित प्रकरणों का करे शीघ्र निराकरण
हस्तांतरित नलजल योजनाओं की करें सतत् समीक्षा
भोपाल। संभागायुक्त संजीव सिंह ने राजस्व एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। श्री सिंह ने भोपाल संभाग में सीएम हेल्पलाइन पर 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों के संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए।
श्री सिंह ने राजस्व महाअभियान 3.0 की समीक्षा की एवं निर्देश दिए कि सभी जिले अभियान मे प्रगति लाकर राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों के निराकरण करें। मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान की समीक्षा कर श्री सिंह ने प्रतिदिन आयोजित शिविरों एवं प्राप्त आवेदनों की जानकारी पोर्टल पर अद्यतन करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त श्री सिंह ने आज कमिश्नर कार्यालय के व्हीसी कक्ष में राजस्व एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त विनोद यादव, राजस्व उपायुक्त श्रीमती किरण गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान
संभागायुक्त श्री सिंह ने मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान में प्रतिदिन आयोजित शिविरों एवं प्राप्त आवेदनों की जानकारी पोर्टल पर अद्यतन करने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत आवेदनों,एवं स्वीकृत आवेदनों की स्थिति समीक्षा की एवं स्वीकृत आवेदनों में हितग्राहियों को लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए।
श्री सिंह ने विगत वर्ष उपार्जन के विरुद्ध लंबित भुगतान संबंधी प्रकरणों की समीक्षा कर सभी किसानों को समय से भुगतान करने के निर्देश दिए। फसल एवं पशु बीमा के लंबित प्रकरणों में निर्देश दिए गए कि लंबित प्रकरणों की जांच कर बीमा कंपनी से समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही करें। आयुष्मान योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु सभी जिलों को निर्देश दिए गए कि मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के अंतर्गत योजना का लाभ सभी हितग्राहियों को प्रदान करें।
श्री सिंह ने भोपाल संभाग अंतर्गत संचालित रैन बसेरा स्थलों के भौतिक सत्यापन की समीक्षा कर संतुष्टि जाहिर की।श्री सिंह ने रैन बसेरों में शासन निर्देशानुसार समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने आगामी समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के लिए चिन्हित विषयों के संबंध में जिला की समीक्षा की एवं सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों के संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए।
श्री सिंह ने सभी जिलों को गौशालाओं के संचालन हेतु बिजली एवं पानी की व्यवस्था हेतु आकलित व्यय तथा प्रस्तावों की समीक्षा की एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश दिए।
श्री सिंह ने भोपाल संभाग अंतर्गत हस्तांतरित नल-जल योजनाओं की समीक्षा की एवं हस्तांतरित हेतु शेष नल-जल योजनाओं को शीघ्र हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने हस्तांतरित हो चुकी नलजल योजनाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उक्त निर्देशों की निरन्तर समीक्षा की जाएगी एवं उत्कृष्ठ कार्य करने पर संबंधित अधिकारी को सम्मानित भी किया जाएगा।