यातायात नियमों का पालन, सुरक्षित आप और आपका वाहन - आईपीएस संजय सिंह

Feb 10, 2025

भोपाल।  माय भारत (नेहरू युवा केंद्र) भोपाल एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वाधान में सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन एवं सम्मान समारोह भोपाल के प्रतिष्ठित श्री सत्य साईं महिला महाविद्यालय में आयोजित किया गया। आयोजन में मुख्य अतिथि आईपीएस संजय सिंह, उपायुक्त यातायात पुलिस, नेहरू युवा केंद्र मध्य प्रदेश के राज्य निदेशक राकेश सिंह तोमर, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय की रासेयो के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अनंत कुमार सक्सेना, कार्यक्रम अधिकारी राहुल सिंह परिहार, सत्य साईं महिला महाविद्यालय की निदेशक डॉ. प्रतिभा सिंह एवं प्राचार्य डॉ. अर्चना श्रीवास्तव उपस्थित रहें।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। स्वागत उद्बोधन नेहरू युवा केंद्र भोपाल की जिला युवा अधिकारी श्रीमती निक्की राठौर द्वारा दिया गया। संजय सिंह, उपआयुक्त यातायात पुलिस द्वारा युवाओं को यातायात के नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई एवं यातायात पुलिस की सड़क दुर्घटना ग्रस्त मृत्यु के आंकड़ों को कम करने की पुरजोर कोशिश के बारे में बताया गया। इसके अतिरिक्त नेहरू युवा केंद्र के राज्य निदेशक द्वारा हेलमेट एवं सीट बेल्ट पहनने पर ज़ोर दिया गया। श्री सत्य साई महिला महाविद्यालय  की निदेशक डॉ प्रतिभा सिंह ने यातायात नियमों का पालन करने हेतु युवाओं को जागरूक किया। कार्यक्रम में नेहरू युवा केंद्र द्वारा यातायात पुलिस के अधिकारियों, अतिरिक्त आयुक्त देवेंद्र सिंह यादव एवं विजय कुमार दुबे एवं कर्मचारियों का सम्मान किया गया तथा राष्ट्रीय सेवा योजना से संबंधित लगभग 20 महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारियों एवं माय भारत के स्वयंसेवियों का सम्मान किया गया एवं उनके जागरूकता सप्ताह में योगदान के लिए सराहना की गई।

कार्यक्रम में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना मुक्त इकाई के कार्यक्रम अधिकारी राहुल सिंह परिहार द्वारा आभार ज्ञापित किया गया। सफल संचालन राजेंद्र कुमार शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की कार्यक्रम अधिकारी डॉ .मनीषा त्रिपाठी, डॉ .सीमा सोनी , आर डी कैंपर अंशिका जोशी ,संजय नागर, रेणु दुबे, राहुल लोधी उपस्थित रहे।


Subscribe to our Newsletter