निगम अध्यक्ष सूर्यवंशी ने संभागीय स्काउट-गाईड रैली एवं पुरस्कार वितरण समारोह का किया शुभारंभ

Jan 04, 2025

भोपाल। निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी संभागीय स्काउट-गाईड रैली एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस वर्ष की प्रेरणादायक थीम ‘‘पहले पाओ शिक्षा, दूर करो बाल भिक्षा’’ पर आयोजित कार्यक्रम भारत स्काउट एवं गाईड मध्यप्रदेश भोपाल संभाग और संयुक्त संचालक लोक शिक्षण भोपाल संभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुआ। इस अवसर पर भारत स्काउट एवं गाईड के राष्ट्रीय सचिव (पूर्व आईएएस) राजेश प्रसाद मिश्रा, प्राचार्य श्रीमती कल्पना के अलावा डी.एन.शर्मा, राजेश मेवाड़ा, श्रीमती अनिता पटले सहित अन्य गणमान्य व बड़ी संख्या में स्काउट-गाईड कैडेट्स उपस्थित थे।

निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी शुक्रवार को ‘‘पहले पाओ शिक्षा, दूर करो बाल भिक्षा’’ थीम पर आधारित संभागीय स्काउट-गाईड रैली एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए और अपने उद्बोधन में कहा कि इस वर्ष की प्रेरणादायक थीम ‘‘पहले पाओ शिक्षा, दूर करो बाल भिक्षा’’ ने बच्चों की शिक्षा के महत्व और उनके उज्जवल भविष्य के लिए समाज को जाग्रत किया है। सूर्यवंशी ने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए, बाल भिक्षा जैसी कुप्रथा को समाप्त करने और शिक्षा का उजाला हर घर तक पहुंचाने के लिए हम सभी को संकल्पित होकर कार्य करना होगा। सूर्यवंशी ने कहा कि आज का बालक कल के भारत का भविष्य है, आज दुनिया भारत की ओर बड़ी आशा और उम्मीद से देख रही है। सूर्यवंशी ने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम अपने-अपने क्षेत्रों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी से करते रहें। 

श्री सूर्यवंशी ने कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। श्री सूर्यवंशी ने सम्मानित सभी कैडेट्सों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।    


Subscribe to our Newsletter