
मध्य प्रदेश में फिर सर्द हवाओं ने बदला मौसम
Jan 28, 2025
- कई स्थानों पर रात का पारा तेजी से लुढ़का, जबकि दिन में निकल रही तेज धूप
भोपाल । मध्य प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के तापमान में लगातार बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि, ठंड हवाओं ने फिर से प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है. कई स्थानों पर रात का पारा तेजी से लुढ़का है, जबकि दिन में तेज धूप भी देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार कई शहरों में सुबह और शाम को ठंड और दोपहर में तीखी धूप है। वहीं प्रदेश के अधिकतम शहरों में जहां से ठंड गायब हुई है, वहां ठंड का प्रभाव फिर बढ़ने वाला है। भोपाल और रीवा संभाग के शहरों में ठंड का असर देखने को मिला है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार प्रदेश में दक्षिण-पूर्वी हवाओं का दौर देखा गया।
हालांकि, बीते 48 घंटे के दौरान उत्तरी हवाओं का एक बार फिर से सक्रिय होना देखा गया है, जिसका असर राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात के आसपास देखा जा रहा है। इसके चलते तापमान में गिरावट देखा जा रहा है। प्रदेश के न्यूनतम तापमान की बात करें तो राजधानी भोपाल में रात के तापमान में गिरावट देखी गई है। इसके चलते सुबह के समय एक बार फिर ठंडक का एहसास देखने को मिल रहा है। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक इसी प्रकार मौसम के बने रहने के संकेत दिए हैं। इसके बाद तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि प्रदेश में एक बार फिर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके चलते प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों जैसे रीवा, शहडोल, सागर, नर्मदापुरम और ग्वालियर संभाग के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। प्रदेश के पांच सबसे कम न्यूनतम तापमान वाले शहरों में शहडोल जिले के कल्याणपुर शहर की रात सबसे ठंडी रही। यहां पारा 2.8 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा उमरिया में 4.8 डिग्री, देवरा (सिंगरौली) में 5.3 डिग्री, राजगढ़ में 5.6 डिग्री और गिरवर (शाजापुर)/मंडला में 6 डिग्री दर्ज किया गया।