आई.आई.एम इन्दौर में आयोजित उत्कृष्टता कार्यक्रम में कचरा प्रबंधन के भोपाल मॉडल की जमकर हुई सराहना

Jan 10, 2025

निगम आयुक्त , हरेन्द्र नारायन ने भोपाल में कचरा प्रबंधन हेतु किए 

जा रहे कार्यों व नवाचारों एवं उपलब्धियों का किया प्रस्तुतिकरण

भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 10 राज्यों व 01 केन्द्र शासित प्रदेश के अधिकारियों ने भाग लिया

  भोपाल। निगम आयुक्त , हरेन्द्र नारायन ने इन्दौर में भारतीय प्रबंध संस्थान में भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा स्वच्छ भारत मिशन जैसे कार्यक्रमों को और अधिक सुदृढ़ बनाने व स्वच्छता संबंधी प्रयासों एवं अनुभवों को साझा करने के दृष्टिगत नेतृत्व उत्कृष्टता कार्यक्रम में राजधानी में नगर निगम, भोपाल द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत कचरा प्रबंधन हेतु किए जा रहे प्रयासों, नवाचारों तथा वर्तमान तक की उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण कर कार्यक्रम के सहभागियों को जानकारी दी साथ ही उपरोक्त प्रयासों, नवाचारों के संबंध में अपने अनुभव भी साझा किए। नेतृत्व उत्कृष्टता कार्यक्रम में देश के 10 राज्यों व लद्दाक केन्द्र शासित प्रदेश के सहभागी अधिकारियों ने भोपाल नगर निगम द्वारा किए जा रहे सस्टेनेबल प्रयास और समग्र स्वच्छता के सभी आयामों, जन सहभागिता, रिसाईकिल हब जैसे विकेन्द्रीकृत कचरा प्रबंधन के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना भी की। 

भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा भारतीय प्रबंध संस्थान इन्दौर के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गुरूवार को आयोजित लीडरशिप एक्सीलेंस प्रोग्राम के 8वे सत्र में भोपाल नगर निगम आयुक्त , हरेन्द्र नारायन ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निगम, भोपाल द्वारा स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन हेतु किए जा रहे कार्यों, नवाचारों व उपलब्धियों के संबंध में जानकारी दी। निगम आयुक्त , नारायन ने प्रतिदिन 400 टन क्षमता के टेरिफाईड चारकोल प्लांट एवं 400 टन क्षमता के बॉयो सी.एन.जी प्लांट, प्रतिदिन 05 टन प्लास्टिक वेस्ट को रिसाईकिल यूनिट, कोकोनट वेस्ट, थर्माकोल रिसाईकिल यूनिट आदि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। निगम आयुक्त , नारायन ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सहभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर भी दिए एवं स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन के अपने अनुभवों को भी सहभागियों के साथ साझा किया। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न शहरों के नगरीय निकायों के उच्च पदस्थ अधिकारियों,सहभागियों ने भोपाल नगर निगम द्वारा किए जा रहे सस्टेनेबल प्रयास और समग्र स्वच्छता के सभी आयामों, जन सहभागिता, रिसाईकिल हब जैसे विकेन्द्रीकृत कचरा प्रबंधन के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना भी की।


Subscribe to our Newsletter