
चंबल नदी पर 296 करोड़ से बनेगा केबल-स्टे पुल
Feb 27, 2025
- मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक की तरह तैयार होगा
भोपाल । मप्र के भिंड और उत्तर प्रदेश के इटावा को जोडऩे के लिए चंबल नदी पर एक आधुनिक केबल-स्टे पुल का निर्माण किया जाएगा। यह पुल मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक की तर्ज पर बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में यातायात सुगम होगा।
बरही-उदी के बीच स्थित मौजूदा पुल 1975 में बनाया गया था, जो अब 49 साल पुराना हो चुका है। लगातार क्षतिग्रस्त होने और बढ़ते यातायात के दबाव के कारण इसकी स्थिति जर्जर हो गई थी, जिससे नए पुल की जरूरत महसूस की जा रही थी।
296 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
दो साल पहले केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने चंबल नदी पर नए पुल और यमुना नदी पुल से इसे जोडऩे वाली फोरलेन सडक़ के लिए 296 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी। इस परियोजना का कार्य दिल्ली की एएससी इंफ्राटेक लिमिटेड को सौंपा गया है।
विकास को मिलेगी नई रफ्तार
इस पुल के निर्माण से मप्र और उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। यह न केवल परिवहन और व्यापार को बढ़ावा देगा, बल्कि पर्यटन और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।