
केंद्रीय मंत्री श्रीमती खडसे, उप मुख्यमंत्री शुक्ल एवं मंत्री विजयवर्गीय ने बाबा साहब की जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित संगोष्ठियों को किया संबोधित
Apr 25, 2025
-बाबा साहब के सामाजिक समरसता के विचार को आगे बढ़ाना भाजपा कार्यकर्ता का पहला कर्तव्य
-भाजपा देश के संविधान को भारत की आत्मा मानती है, कांग्रेस पार्टी इसे किताब मानते हैं
-श्रीमती रक्षा खडसे
- बाबा साहब ने दलितों और वंचितों के सम्मान के लिए हमेशा काम किया है
- नरेन्द्र सिंह तोमर
-बाबा साहब ने सर्वहारा वर्ग के लिए कार्य किया, कांग्रेस ने उन्हें अपमानित किया
-राजेन्द्र शुक्ल
-बाबा साहब को चुनाव हराने का कार्य कांग्रेस और जवाहरलाल नेहरू ने किया
-कैलाश विजयवर्गीय
उज्जैन/शहडोल/सतना/भोपाल । केंद्रीय मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे ने गुरूवार को उज्जैन ग्रामीण जिले की संगोष्ठी को लोकशक्ति भवन उज्जैन में, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने श्योपुर जिले के राजाराम मैरिज गार्डन में, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शहडोल भाजपा कार्यालय एवं वरिष्ठ नेता व प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सतना जिला कार्यालय में संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे ने कहा कि बाबा साहब के सामाजिक समरसता के विचार को आगे बढ़ाना भाजपा कार्यकर्ता का पहला कर्तव्य है। भाजपा देश के संविधान को भारत की आत्मा मानती है, जबकि कांग्रेस पार्टी देश के संविधान को एक किताब मानते हैं। मध्यप्रदेष विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि बाबा साहब ने दलितों और वंचितों के सम्मान के लिए काम किया और कांग्रेस ने हमेशा ही बाबा साहब का अपमान किया। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने सर्वहारा वर्ग के लिए कार्य किया है। कांग्रेस ने उन्हें चुनाव हराने के साथ हमेशा अपमानित करने का कार्य किया है। प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को चुनाव हराने का कार्य किया। कांग्रेस पार्टी ने पग-पग पर बाबा साहब को अपमानित करने का कार्य किया है। भाजपा ने बाबा साहब को सदैव सम्मान दिया।
बाबा साहब अपना पूरा जीवन सामाजिक समरसता के लिए समर्पित किया-श्रीमती रक्षा खडसे
केंद्रीय मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर सामाजिक समरसता के पर्याय थे। बाबा साहब ने अपने पूरे जीवनकाल में सामाजिक समरसता के लिए कार्य किया। बाबा साहब के सामाजिक समरसता के विचारों को आगे बढ़ाकर आम जनता तक पहुंचाना हर भाजपा कार्यकर्ता का पहला कर्तव्य है। बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान का कांग्रेस ने अनेकों बार दुरुपयोग कर देश को अस्थिर करने का कुत्सित प्रयास किया। 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने संविधान का दुरुपयोग किया था।
बाबा साहब को रोकने के लिए कांग्रेस ने उन्हें चुनाव हराया
केंद्रीय मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे ने कहा कि बाबा साहब एक महान विचारक और विद्वान व्यक्ति थे। कांग्रेस पार्टी बाबा साहब की विद्वत्ता को कभी स्वीकार नहीं कर पाई और उनको राजनीति में आगे बढ़ने से रोकने के लिए कांग्रेस एवं जवाहरलाल नेहरू ने अनेकों कुप्रयास किये थे। जवाहरलाल नेहरू ने बाबा साहब को चुनाव हराने के लिए कई हथकंडे अपनाए और बाबा साहब को लोकसभा चुनाव में पराजित करवा दिया। यहां तक की मरणोपरांत बाबा साहब की अंत्येष्टि के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार और जवाहरलाल नेहरू ने दिल्ली में अंतिम संस्कार के लिए जमीन नहीं दी। उनका स्मारक बनाने के लिए न तो जमीन उपलब्ध कराई और स्मारक बनाने को मंजूरी भी नहीं दी। बाबा साहब के पार्थिव शरीर को ले जाने वाले विमान का किराया भी उनके परिजनों से वसूल किया गया। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब को सम्मान देने के लिए उनसे जुड़े स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है।
संगोष्ठी को प्रदेश शासन के मंत्री गौतम टेटवाल, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती एवं जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़ ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बहादुरसिंह चौहान, विधायक जितेंद्रसिंह पण्ड्या, सतीश मालवीय, पूर्व विधायक शांतिलाल धबई, रोडमल राठौर, श्याम बंसल, प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसौदिया सहित जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बाबा साहब ने सामाजिक समरसता के लिए कार्य किया-नरेंद्र सिंह तोमर
मध्यप्रदेष विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने श्योपुर जिले के राजाराम मैरिज गार्डन में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने हर वर्ग के कल्याण और सामाजिक समरसता के लिए कार्य किया। बाबा साहब ने दलितों और वंचितों के सम्मान के लिए हमेशा काम किया है। कांग्रेस ने हमेशा ही बाबा साहब का अपमान किया है। बाबा साहब समान नागरिक संहिता के पक्ष में थे परंतु देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने हिंदू कोड बिल लागू नहीं होने दिया। नेहरू के कारण बाबा साहब ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।
कांग्रेस ने बाबा साहब को अपमानित करने का कोई अवसर नहीं छोड़ा। बाबा साहब को भारत रत्न देने का काम भाजपा समर्थित सरकार ने किया है। बाबा साहब के नाम से पंच तीर्थों के निर्माण का काम भाजपा की सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किया है। आज महू, नागपुर, लंदन, दिल्ली और मुंबई को पंच तीर्थ से पहचान मिली है। कांग्रेस ने बाबा साहब अंबेडकर को संविधान सभा का प्रमुख नहीं बनने दिया। देश और दुनिया में उनका सम्मान बढ़ाने का काम भाजपा ने किया है। हमारी सरकारों ने सामाजिक न्याय के लिए संविधान में बदलाव किए, लेकिन कांग्रेस ने अपनी कुर्सी बचाने और निजी स्वार्थ के लिए संविधान में बदलाव किए। उन्होंने सिर्फ संविधान की रचना ही नहीं की, बल्कि देश को कई ऐसे विचार दिये, जो वर्तमान परिप्रेक्ष्य में भी हमारे लिए बहुत उपयोगी हैं। इस दौरान प्रदेष शासन के मंत्री राकेश शुक्ला, संभाग प्रभारी विजय दुबे, विधायक घनश्याम पिरोनिया, जिलाध्यक्ष शशांक भूषण, राधेश्याम पारीक, सुरेंद्र सिंह जाट, तरशनपाल आदिवासी मंचासिन रहे।
बाबा साहब को चुनाव हराकर कांग्रेस ने समाज सुधार के कार्य रोके थे-राजेन्द्र शुक्ल
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर विकसित भारत बनाने की मानसिकता के साथ कार्य कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें चुनाव हराकर समाज सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों में बार-बार रोकने का प्रयास किया। बाबा साहब ने हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने उन्हें सिर्फ दलितों का नेता बताकर उनके कार्यों को समाज में आने से छिपाने का कार्य किया। संविधान दिवस मनाने का कार्य भाजपा ने किया, कांग्रेस ने संविधान को लागू करने के वर्षों बाद तक यह कार्य नहीं किया। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को बार-बार अपमानित करने के साथ उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया कि वे सिर्फ दलितों के नेता है। बाबा साहब ने सामाजिक समरसता के लिए कार्य किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल संरक्षण, स्वच्छता को लेकर जो कार्य कर रहे हैं, उनकी परिकल्पना बाबा साहब डॉ. अंबेडकर ने की थी, लेकिन उस समय कांग्रेस की सरकारों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। वर्तमान भारत के निर्माण में बाबा साहब का अमूल्य योगदान है। श्रमिकों को आठ घंटे के कार्य का नियम बाबा साहब के प्रयासों से शुरू हुआ। भाजपा का संपूर्ण नेतृत्व बाबा साहब के कृतित्व और व्यक्तित्व को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को अपमानित करने के लिए समाज में कई दुष्प्रचार भी किए हैं। संगोष्ठी को युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार ने भी संबोधित किया। इस दौरान मंच पर सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा, पीतांबर टोपनानी, पार्टी की प्रदेश मंत्री व विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, विधायक जयसिंह मरावी, शरद कोल, पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्रजीत छाबड़ा उपस्थित रहे।
कांग्रेस के तुष्टिकरण की नीति से दुखी थे बाबा साहब-कैलाश विजयवर्गीय
पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रदेष शासन के मंत्री कैलाष विजयवर्गीय ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने जब नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया, तो अपने इस्तीफे की वजहें भी लिखी थीं। लेकिन उस पत्र को गायब कर दिया गया। बाम्बे नार्थ से चुनाव हराने के बाद जवाहरलाल नेहरू ने लेडी माउंटबेटन को लिखे पत्र में बाबा साहब की चुनावी हार का जिक्र करते हुए लिखा था-टुडे आई एम हैप्पी। बाबा साहब एक विशाल व्यक्तित्व वाले राष्ट्रपुरुष थे। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गठन सहित वित्त आयोग और योजना आयोग के गठन का विचार भी बाबा साहब का ही था। कांग्रेस ने बाबा साहब के नाम पर कोई बड़ा काम नहीं किया। बाबा साहब की 100वीं जयंती पर वीपी सिंह प्रधानमंत्री थे और भारतीय जनता पार्टी सरकार को बाहर से समर्थन दे रही थी। उस समय बाबा साहब अंबेडकर को भारत रत्न दिया गया। बाबा साहब ने जिस सेंट्रल हॉल में बैठकर संविधान लिखा, वहां बाबा साहब की तस्वीर नहीं थी। वीपी सिंह की सरकार में यह तस्वीर लगाई गई। बाबा साहब की 125वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंचतीर्थ के विकास का बीड़ा उठाया। बाबा साहब की जन्मस्थली महू के विकास का कार्य भी भारतीय जनता पार्टी की सरकारों में हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास है। हमारी सरकारों ने सामाजिक न्याय के लिए संविधान में बदलाव किए, लेकिन कांग्रेस ने अपनी कुर्सी बचाने और निजी स्वार्थ के लिए संविधान में बदलाव किए। विजयवर्गीय ने सतना में व्यापारी, उद्योग एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुडे़ विशिष्ठजनों से संवाद कर जिला कार्यालय में जिला प्रबंध समिति एवं नगर कार्यसमिति की बैठक को भी संबोधित किया।