
पीएम मोदी ने किया ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट का उद्घाटन
Feb 24, 2025
विकसित मध्य प्रदेश से विकसित भारत की यात्रा में खास योगदान देगी समिट: पीएम मोदी
भोपाल,। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मप्र की राजधानी में हो रहे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 विकसित भारत के प्रयासों में अपना महत्वपूर्ण योगदान देगी। इसके लिए राज्य के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि विकसित मध्य प्रदेश से विकसित भारत की यात्रा में इस समिट की बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है। इससे पहले पीएम मोदी ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 और प्रदेश की 18 नीतियों का उद्घाटन किया।
मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले ही वर्ल्ड बैंक ने कहा है कि भारत आने वाले सालों में ऐसे ही दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहेगा। विश्व का भविष्य भारत में है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कुछ ही दिन पहले जलवायु परिवर्तन पर यूएन की एक संस्था ने भारत को सौर ऊर्जा की सुपरपॉवर कहा था। इस संस्था ने ये भी कहा कि जहां कई देश सिर्फ बातें करते हैं, वहीं भारत नतीजे लाकर दिखाता है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश जनसंख्या के हिसाब से भारत का 5वां सबसे बड़ा राज्य है। मध्य प्रदेश कृषि के मामले में भारत के टॉप के राज्यों में है। खनिज पदार्थ के हिसाब से भी मध्य प्रदेश देश के टॉप 5 राज्यों में है। मध्य प्रदेश को जीवनदायिनी मां नर्मदा का भी आशीर्वाद प्राप्त है। मध्य प्रदेश में हर वो संभावना है, हर वो संभावना है जो इस राज्य को जीडीपी के हिसाब से भी देश के टॉप 5 राज्यों में ला सकता है।
मोदी ने कहा, बीते 2 दशकों में मध्य प्रदेश ने परिवर्तन का नया दौर देखा है। एक समय था जब यहां बिजली और पानी की बहुत सारी दिक्कतें थीं। कानून-व्यवस्था की स्थिति तो और भी खराब थी। ऐसी हालत में यहां इंडस्ट्री का विकास बहुत मुश्किल था। बीते 2 दशक में मध्य प्रदेश के लोगों के सपोर्ट से यहां की भाजपा सरकार ने शासन पर फोकस किया। दो दशक पहले तक लोग मध्य प्रदेश में निवेश करने से डरते थे। आज मध्य प्रदेश निवेश के लिए देश के टॉप राज्यों में शामिल हो गया है।
परीक्षा में काफिला बाधक न बने इसलिए देरी से पहुंचे पीएम, माफी भी मांगी
पीएम मोदी ने कहा कि आज मुझे यहां आने में विलंब हुआ, इसके लिए मैं आप सबसे क्षमा चाहता हूं। उन्होंने विलंब का कारण बताते हुए कहा कि जब मैं यहां पहुंचा तो एक बात ध्यान में आई कि आज 10वीं और 12वीं के छात्रों की परीक्षा है। उसका समय और मेरा राजभवन से निकलने का समय एक हो रहा था। उसके कारण संभावना थी कि सुरक्षा के कारण अगर रास्ते बंद हो जाएं तो बच्चों को परीक्षा के लिए जाने में कठिनाई हो जाएगी। ये कठिनाई न हो, बच्चे समय से अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं। इसके कारण मैंने निकलने में ही 10-20 मिनट की देरी कर दी। इसके लिए मैं आपसे क्षमा मांगता हूं।