एनीमिया मुक्त अभियान शुरू, इंदौर सहित देश में एनीमिक लोगो की बढ़ती संख्या चिंताजनक

Feb 25, 2025

इन्दौर  डॉ. ए के द्विवेदी, प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक तथा आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की केंद्रीय होम्योपैथिक अनुसंधान परिषद के वैज्ञानिक सलाहकार मंडल के सदस्य की अध्यक्षता में कम्युनिटी हेल्थ एवं वेलफेयर के अंतर्गत भारत सरकार के एनीमिया मुक्त अभियान के तत्वावधान में मनोरमागंज स्थित एडवांस्ड होम्यो हेल्थ सेंटर में एनीमिया जागरूकता रथ सप्ताह समारोह का उद्घाटन किया गया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए डाक्टर ए के द्विवेदी ने कहा कि एनीमिया एक साधारण बीमारी नहीं बल्कि कई गंभीर बीमारियों की जड़ है।

उन्होंने बताया कि इंदौर में हमने हाल ही में 40 से 60 वर्ष की आयु वर्ग के 220 लोगों की रैंडमली जांच कराई तो उनमें से 109 को खून की कमी (एनीमिया) पाई गई जो कि 49.6 प्रतिशत होता है। ऐसे में यदि पूरे देश की बात करें तो भी स्थिति काफी चिंताजनक है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन ने भी इस पर चिंता जताई है। इस स्थिति में सुधार कर एनीमिया मुक्त भारत बनाने के लिए एनीमिया जागरूकता रथ जैसे अभियान बेहद जरूरी हो गए हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भी 40% बच्चे और 37% गर्भवती महिलाएं एनीमिया से ग्रस्त हैं। ये गंभीर बीमारी अब हर उम्र के लोगों को अपनी चपेट में ले रही है। पोषण की कमी, अस्त व्यस्त एवं अति व्यस्त जीवनशैली और स्वास्थ्य सेवाओं की अनुपलब्धता के कारण यह चिंताजनक स्थिति बन रही है। इस पर नियंत्रण रखने के लिए ही हम विगत एक दशक से भी अधिक समय से जागरूकता अभियान के तहत एनीमिया मुक्त सप्ताह जैसे आयोजन कर रहे हैं।


Subscribe to our Newsletter